ऋषिकेशः गढ़वाली फिल्म ‘मां सुरकंडा’ का पहला शो हाउसफुल

ऋषिकेश। पीआर फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘मां सुरकंडा’ का ऋषिकेश में पहला शो हाउसफुल रहा।
दूनमार्ग स्थित रामा पैलेस सिनेमाघर में फिल्म के पहले शो का शुभारंभ मां सुरकंडा डोली दरबार के उपासक आचार्य अजय बिजल्वाण और अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने किया।
फिल्म के निर्देशक अशोक चौहान (आशु) ने बताया कि आंचलिक भाषा में बनी धार्मिक फिल्म टिहरी गढ़वाल स्थित मां सुरकंडा देवी मंदिर और आसपास के रमणीय स्थलों पर फिल्माई गई है। फिल्म का उद्देश्य दर्शकों को मनोरंजन के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।
आचार्य अजय बिजल्वाण ने कहा कि ‘मां सुरकंडा’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और संस्कारों की पावन यात्रा है। डॉ. राजे नेगी ने इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और देवी सुरकंडा की धार्मिक महिमा को दर्शाने वाली प्रेरणादायक भक्ति फिल्म बताया। फिल्म प्रतिदिन सुबह 11ः15 बजे एक शो में प्रदर्शित की जा रही है।
मौके पर समाजसेवी कुसुम जोशी, फ़िल्म निर्माता प्रेम सिंह, राजेंद्र भट्ट, अभिनेता राजेश मालगुडी, सावन गैरोला, साक्षी काला, संजय चमोली, पदम् गुसाईं, अरविंद नेगी, मनोज चौहान, शरद काला, शांतनु चौहान, पूनम सकलानी, उषा डोभाल आदि मौजूद रहे।



