
ऋषिकेश। राज्य के पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज की तबीयत में सुधार हो रहा है। उनकी स्थिति अब स्थिर बनी हुई है। श्वास संबंधी परेशानी के चलते उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स पहुंचकर महाराज का हालचाल जाना।
एम्स के चिकित्सकों के अनुसार आवश्यकता को देखते हुए सतपाल महाराज को आईसीयू वार्ड में रखा गया है। प्रो. रविकांत के सुपरविजन में उनका इलाज चल रहा है। बताया कि उन्हें हल्के निमोनिया की शिकायत है, हालांकि उनके सभी वायटल सामान्य हैं। अन्य रिपोर्टें भी संतोषजनक हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार देखा जा रहा है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एम्स ऋषिकेश पहुंचे और सतपाल महाराज का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी ली। डॉक्टरों ने अवगत कराया कि मंत्री की हालत पहले से बेहतर है और सुधार जारी है।
मुख्यमंत्री ने सतपाल महाराज से भी बातचीत कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मंत्री को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मौके पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, संस्थान के उप निदेशक (प्रशासन) ले. कर्नल गोपाल मेहरा, पीआरओ श्रीलोय मोहंती आदि मौजूद रहे।



