पारम्परिक होली मिलन में बिखरे लोकसंस्कृति के रंग

रायवाला/ऋषिकेश। फ्यूंली स्वयंसेवी संस्था की ओर से प्राचीन सिद्धपीठ बनखंडी महादेव मंदिर प्रतीतनगर में पारम्परिक होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह संजवाण और जिला पंचायत सदस्य दिव्य वेलवाल ने किया। इस अवसर पर गायक विनोद विजल्वाण ने बसंत और होली के पारम्परिक गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। वहीं गुरदीप कफलवाण ने जागर शैली में गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महिला कीर्तन मंडलियों ने मंगल गायन प्रस्तुत किया। साथ ही थड़्या, चौफला, झुमैला, झोड़ा, छपेली आदि लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। संस्था के संस्थापक आचार्य सुमन धस्माना ने कहा कि संस्था वर्षों से सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दे रही है।
मौके पर राज्य आंदोलनकारी चन्द्रकांता वेलवाल, दिनेश थपलियाल, टीकाराम जोशी, मुकेश नेगी, दिलवर पंवार, विवेक रावत, अंजू बडोला, अनीता जुगलान, दीपा चमोली, रोशन उपाध्याय, भागीरथी भट्ट, मंजू पंत, कुलवीर राणा, धनवीर राणा आदि मौजूद रहे।



