Rishikesh: नगर निगम ने गंगातट से किया एक टन कचरा एकत्र

ऋषिकेश। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पखवाड़े के तहत नगर निगम ने त्रिवेणीघाट गंगा तट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान करीब एक टन कूड़ा-कचरा एकत्रित कर निस्तारण के लिए भेजा गया।
महापौर शंभू पासवान और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के नेतृत्व में आयोजित स्वच्छता अभियान में त्रिवेणीघाट से चंद्रभागा नदी तक सफाई की गई। 100 से अधिक पर्यावरण मित्रों ने चप्पे-चप्पे से लगभग 01 टन कचरा एकत्र किया।
महापौर पासवान ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गंगा तटों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। साथ ही उनसे गंगा नदी और आसपास में घरों का कूड़ा, प्लास्टिक, खाने-पीने की सामग्री, पुराने कपड़े और अन्य अपशिष्ट सामान नहीं फेंकने की अपील की गई।
नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने कहा, गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अभियान में त्रिवेणी सेना समूह, नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर नीरजा गोयल, स्वच्छता चैंपियन ओमप्रकाश गुप्ता, श्यामलाल भाई, राजेश, राजीव लोचन समेत पर्यावरण सुपरवाइजर और स्थानीय लोगों शामिल रहे।



