Rishikesh: नगर निगम ने अभियान चलाकर किया 20 टन कूड़ा एकत्र

ऋषिकेश। नगर निगम प्रशासन ने शहर के पांच प्रमुख मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान करीब 20 टन कूड़ा एकत्र कर निस्तारण के लिए भेजा गया। महापौर शंभू पासवान ने नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
निगम प्रशासन द्वारा अभियान के संचालन के लिए 33-30 पर्यावरण मित्रों की पांच टीमों का गठन किया गया। तीन टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों के बॉर्डर पर सफाई कार्य किया। जबकि दो टीमों ने मुख्य मार्गों की नालियों, सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई की। अभियान में लगभग 20 टन कूड़ा एकत्र किया गया।
इस दौरान महापौर शंभू पासवान और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने अभियान का निरीक्षण किया। मेयर पासवान ने पर्यावरण मित्रों के कार्य की सराहना करते हुए नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने का आह्वान किया।
नगर आयुक्त ने बताया कि कई जगहों पर लोग रात्रि में कूड़ा डाल देते हैं। जिसकी निगरानी के लिए जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कूड़ा फेंकने वालों पर चालानी कार्यवाही की जाएगी। कहा कि इन क्षेत्रों में प्रत्येक सोमवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अभियान में सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकान्त भट्ट, अमन कुमार, टीआई यशवीर, सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा, सुभाष सेमवाल, संतोष गुसाईं और सफाई सुपरवाइजर शामिल रहे।



