Rishikesh: विधायक अग्रवाल ने जानीं विकास कार्यों की प्रगति

ऋषिकेश। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में जारी और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग, डिग्री कॉलेज की दीवार और प्रस्तावित भित्ति चित्रों की स्थिति पर चर्चा हुई। नेपाली फार्म क्षेत्र में बन रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कोतवाली, उप जिला चिकित्सालय और कन्या इंटर कॉलेज की दीवारों पर प्रस्तावित भित्ति चित्र, विधानसभा प्रवेश द्वार पर स्वागत द्वार, डिवाइडरों के रखरखाव तथा सड़क निर्माण कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
अग्रवाल ने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। मौके पर सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, पूनम सकलानी, मनीष डिमरी, अमित भारद्वाज आदि मौजूद रहे।



