Rishikesh: मकर संक्रांति पर्व पर मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बांटी खिचड़ी
ऋषिकेश। क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को खिचड़ी बांटी। अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को मकर संक्राति व उत्तरायणी पर्व की शुभकामनाएं भी दी।
मंगलवार दून तिराहे पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि यह त्यौहार जीवन में सकारात्मक सोच के साथ सदैव कर्म के पथ पर आगे बढ़ने की भी प्रेरणा देता है। यह पावन पर्व माँगलिक कार्यों के शुभारम्भ से भी जुड़ा है। मकर संक्रांति पर्व प्रत्यक्ष रूप से भगवान सूर्य से जुड़ा है। इस दिन सूर्य उत्तरायण होते हैं। सूर्य धनु राशि से परिवर्तन कर मकर राशि में आते हैं।
मंत्री डा. अग्रवाल ने कहा कि मकर संक्रांति को खिचड़ी के रूप में मनाये जाने के पीछे पौराणिक और शास्त्रीय मान्यताएं हैं। मकर संक्रांति के इस पर्व पर खिचड़ी का काफी महत्व है। इस अवसर पर कई स्थानों पर खिचड़ी को मुख्य पकवान के तौर पर बनाया जाता है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि कुमाऊं मंडल में इस दिन का विशेष महत्व होता है। इस दिन विशेष तरह के पकवान बनाकर कौओ को खिलाया जाता है, जिसे घुघुत्या त्यौहार भी कहते है। छोटे बच्चों को घुघुती की माला पहनाने का भी प्रचलन है। कहा कि बागेश्वर में उत्तरायणी मेला संक्रांति का जीता जागता प्रतीक है।
मौके पर मेयर प्रत्याशी शम्भू पासवान, कार्यक्रम आयोजक चेतन शर्मा, महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य, विनोद शर्मा, महेश शर्मा, कृष्ण कुमार सिंघल, राजपाल ठाकुर, अजय गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे।