महापौर ने लालपानी में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का किया निरीक्षण

ऋषिकेश। तीर्थनगरी की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूती और कूड़े की वर्षों पुरानी समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से महापौर शंभू पासवान ने गुरुवार को लाल पानी क्षेत्र में निर्माणाधीन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, निस्तारण एवं प्रोसेसिंग प्लांट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि प्लांट के लिए आवश्यक सभी आधुनिक मशीनें कार्यस्थल पर पहुंच चुकी हैं। वर्तमान में उनका इंस्टॉलेशन कार्य तेजी से चल रहा है। परियोजना से जुड़े सिविल और तकनीकी कार्य अंतिम चरण में हैं। जल्द ही प्लांट को संचालन के लिए तैयार कर लिया जाएगा।
पासवान ने कहा कि प्लांट शुरू होने के बाद ऋषिकेश शहर के गोविंदनगर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत मिलेगी।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता बनाए रखते हुए शेष कार्य समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इस परियोजना का क्रियान्वयन भारतीय राष्ट्रीय कृषक उपज उपार्जन, प्रसंस्करण एवं फुटकर सहकारी संघ मर्यादित (नाकोफ) द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अधिशासी अभियंता तथा निर्माण इकाई के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।



