गुलदार का दूसरा शावक भी पिंजरे में कैद
शावक को देखने के लिए मौके पर जुटी भीड़, वनविभाग ने किया शिफ्ट
ऋषिकेश (शिखर हिमालय न्यूज)। श्यामपुर क्षेत्र में वन विभाग ने तीन महीने बाद मादा गुलदार के दूसरे शावक भी पकड़ लिया। सुबह सवेरे पिंजरे में कैद शावक को देखने के लिए मौके पर लोगों की खासी भीड़ जुटी गई। इसबीच वनकर्मियों ने मौके से पिंजरें में कैद शावक को शिफ्ट किया।
जानकारी मुताबिक बुधवार सुबह ग्रामसभा खदरी खड़कमाफ अंतर्गत चोपड़ा फार्म के मोटा प्लाट एरिया में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया। खबर लगते ही आसपास की भीड़ गुलदार को देखने के लिए मौके पर जुट गई। इस दौरान वनकर्मियों ने पिंजरे में कैद गुलदार को सुरक्षित शिफ्ट किया।
बता दें कि तीन महीने पहले 17 सितंबर को श्यामपुर क्षेत्र में दहशत का कारण बनी छह साल की मादा गुलदार को पकड़ा था। जिसके साथ शावक भी देखे गए थे। लेकिन उस दिन शावक पकड़ में नहीं आए। इसके बाद वनविभाग ने शावकों की तलाश में अलग-अलग जगह पिंजरे लगाए। 21 सितंबर को मादा गुलदार का एक शावक पिंजरे में कैद हुआ। जिसकी उम्र एक साल के करीब थी।
ऋषिकेश वनरेंज अधिकारी महेंद्र सिंह रावत ने बताया कि गुलजार फार्म क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की दहशत बनी हुई थी। मादा गुलदार और उसके एक शावक के पकड़े जाने के बाद भी एक अन्य शावक क्षेत्र में सक्रिय होने की जानकारी मिल रही थी। जिसे पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए थे। बताया कि एक साल का यह शावक स्वस्थ है। जल्द ही उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।