गंगा में प्रवाहित 14 घरों का ग्रे-वॉटर बंद, 2 नालियों की टेपिंग
पिछले दिनों निरीक्षण के दौरान डीएम सविन बंसल ने दिए थे निर्देश

ऋषिकेश। जिला प्रशासन ने गंगा नदी की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। चंद्रेश्वरनगर क्षेत्र में बिना सीवर संयोजन के सीधे गंगा में प्रवाहित हो रहे 14 घरों के ग्रे-वॉटर को बंद करने के साथ ही दो नालियों की टेपिंग भी कर दी है।
बता दें कि पिछले दिनों जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिकेश स्थित चंदेश्वर नाला क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने ढालवाला नाले में अपशिष्ट जल प्रवाहित होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने नगर निगम ऋषिकेश और जल संस्थान (गंगा) के अधिकारियों को अवैध अपशिष्ट जल पाइप तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए थे।
जिसके बाद जल संस्थान (गंगा) और नगर निगम की टीम के निरीक्षण में सामने आया कि ढालवाला नाले के आसपास कुल 21 भवन स्थित हैं। इनमें से 14 भवनों का ग्रे-वॉटर सीधे नाले में जा रहा था, जबकि 7 भवनों का ग्रे-वॉटर विधिवत सीवर लाइन से जुड़ा हुआ पाया गया।
जल संस्थान ने 14 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए और मौके पर ही उनकी अपशिष्ट जल निकासी को बंद कराया। साथ ही नगर निगम और जल संस्थान द्वारा क्षेत्र की 2 नालियों की भी टेपिंग कर दी गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे भी निगरानी और सख्ती जारी रहेगी।



