Rishikesh: भारत भ्रमण कर लौटे छात्र-छात्राओं को भव्य स्वागत

ऋषिकेश। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 61 छात्र-छात्राओं का भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण कर लौटने पर शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल और रोटरी क्लब की ओर से भव्य स्वागत किया गया। छात्रों ने भ्रमण के दौरान कई ऐतिहासिक स्थलों को देखने के साथ ही कई राजनेताओं से भी मुलाकात की।
शनिवार को देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की अगुवाई में भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर निकले छात्र-छात्राएं शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल में आयोजित समापन कार्यक्रम में पहुंचे। वर्ष 2023 की हाईस्कूल परीक्षा में अव्वल आए 61 छात्र-छात्राएं 23 से 30 तक के शैक्षिक भ्रमण पर कीर्तिनगर से रवाना हुए थे। इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
इसके बाद वह विधानसभा भवन में वनमंत्री सुबोध उनियाल से भेंट कर वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली पहुंचे। जहां उन्होंने लालकिला, इंडिया गेट, राष्ट्रीय संग्रहालय, प्रधानमंत्री संग्रहालय, संसद भवन, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) देखने के साथ केंद्रीय खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट आदि से मुलाकात की।
विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि भ्रमण कार्यक्रम में ऐसे छात्र-छात्राएं शामिल थे जिन्हें कभी शहरी क्षेत्रों में जाने का अवसर नही मिला। वह भारत भ्रमण के जरिए कई स्थलों को देखा, लोगों से मिले। कहा कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ने बच्चों को उपहार भी प्रदान किए। मौके पर कीर्तिनगर नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी जाखी, अधिवक्ता अर्जुन भंडारी, रणजीत सिंह जाखी, डॉ. विजय मोहन गैरोला, लक्ष्मण सिंह, जिपंस संजीव चौहान, संदीप कुडियाल चौहान, मानवेन्द्र कंडारी, महावीर उपाध्याय, रोटरी क्लब अध्यक्ष संजय अग्रवाल, संजीव शर्मा, टेक सिंह राणा, प्रधानाचार्य दीपक भारद्वाज, अक्षत चौहान, नवीन नेगी, अनिल रावत, मोहन रावत, जगमोहन सिंह रांगड़, जटे सिंह चौहान आदि मौजूद थे।