गोविंदनगर के कूड़े से छह महीने में मिल जाएगी राहत

ऋषिकेश। तीर्थनगरी में शहर के बीचों-बीच वर्षों से जमा कूड़े के पहाड़ से नगरवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम ने गोविंदनगर स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में पड़े लीगेसी वेस्ट के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए शासन की ओर से करीब 6.79 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
नगर निगम महापौर शंभू पासवान और नगर आयुक्त रामगोपाल बिनवाल ने कूड़ा डंपिंग ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कूड़ा निस्तारण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दावा है कि छह माह में यहां पड़े कूड़े का पूरी तरह से निस्तारण हो जाएगा।
मेयर पासवान ने कहा कि अप्रैल महीने से यहां कूड़ा डालना बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद शहर का सारा कूड़ा लालपानी बीट में तैयार हो रहे कूड़ा निस्तारण प्लांट में भेजा जाएगा। बताया कि लालपानी में प्लांट लगभग बनकर तैयार है। मशीनें लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। अगले पंद्रह दिनों में मशीनों को इंस्टाल कर अप्रैल से प्लांट संचालन की तैयारी है।
मौके पर सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा, सुभाष सेमवाल समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



