भव्यता से मनेगी गुरमत संगीत बाल विद्यालय की स्वर्ण जयंती
21 व 22 फरवरी को गुरुद्वारा हेमकुंट साहिब में होंगे कई आयोजन

ऋषिकेश। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब में संचालित गुरमत संगीत बाल विद्यालय के स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर 21 व 22 फरवरी को स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि वर्ष 1976 में आवासीय संगीत विद्यालय स्थापित किया गया था। जहां वंचित और आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, गुरमत संगीत का विशेष प्रशिक्षण और समग्र व्यक्तित्व विकास किया जाता रहा है।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह में पूर्व छात्र, वर्तमान विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, संत-महात्मा, संगत और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथि प्रतिभाग करेंगें। कार्यक्रम के दौरान गुरु साहिब की बानी, शबद कीर्तन, गुरमत संगीत प्रस्तुतियां, स्मृति सभा और विशेष सांस्कृतिक आयोजन होंगे। इस अवसर पर संस्था की 50 वर्षों की उपलब्धियों और भावी योजनाओं को भी रेखांकित किया जाएगा।
बिंद्रा ने कहा कि विद्यालय सिख विरासत का प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है। यहां से निकले छात्र आज विश्वभर में कीर्तन व सेवा के माध्यम से गुरु की वाणी का प्रसार कर रहे हैं। ट्रस्ट ने संगत, पूर्व छात्रों और आमजन से समारोह में सहभागी बनने की अपील की है।



