ऋषिकेश। नगर निगम चुनाव को लेकर तीर्थनगरी में सियासी संग्राम अपने चरम पर है। चुनाव में कांग्रेस भी अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर गई है। मेयर प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव जहां ताबड़तोड़ सभाओं में जुटे हैं, वहीं कांग्रेस की टीमें पूरे क्षेत्र में पार्षद और मेयर प्रत्याशी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने में सक्रिय हो गई हैं।
कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी ने बताया कि कृष्णा जयेंन्द्र रमोला, अमिता दीपक जाटव, सह प्रभारी राजेंद्र गैरोला, किसान मोर्चा अध्यक्ष विजयपाल पंवार के साथ महिला टीमें कई दिनों से प्रचार में डटी हुई हैं। आम लोगों को कांग्रेस की नीतियों, मेयर प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव के विकास के एजेंडे से अवगत कराया जा रहा है। कहा कि यह चुनावी अभियान मतदान के दिन जारी रहेगा।
उधर, नगर निगम में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव ने शनिवार को वार्ड नंबर 5 और 28 में डोर टू डोर कैंपेन किया। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन की अपील कर कांग्रेस को विजयी बनाने का संकल्प जताया। इस दौरान स्थानीय निवासी भी बडी संख्या में उनके साथ प्रचार में जुटे।
दीपक प्रताप जाटव ने कहा कि कहा कि कांग्रेस ही क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान कर सकती है। कहा पार्टी हमेशा जनता के कल्याण के लिए कार्य करती रही है। कांग्रेस को समर्थन देना, सिर्फ पार्टी को नहीं, क्षेत्र के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। हम सभी के लिए एक समृद्ध और खुशहाल ऋषिकेश बनाने की दिशा में काम करेंगे।
मेयर प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव ने कहा कि जनसंपर्क अभियान नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। क्योंकि उन्होंने जनता के बीच अपनी पार्टी की नीतियों और योजनाओं को स्पष्ट रूप से रखा।