बच्चों ने नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों पर खूब तालियां बटोरी
महाशिवरात्रि महोत्सव में नृत्य और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित

ऋषिकेश। महाशिवरात्रि महोत्सव 2023 में आयोजित एकल व सामुहिक नृत्य और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति से दर्शकों से जमकर तालियां बटोरी।
गुरुवार को बनखंडी स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि महोत्सव में एकल व सामुहिक नृत्य और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का शुभारंभ महंत लोकेश दास, दयाराम दास और महंत रामेश्वर गिरी ने किया। इसके बाद महोत्सव के मंच पर स्कूली बच्चों ने गढ़वाली, कुमाउनी, राजस्थानी, गुजराती और देशभक्ति गीतों पर एकल और सामुहिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दी। बच्चों के कार्यक्रमों को दर्शकां ने भी तालियों से जमकर सराहा।
वहीं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विभिन्न परिधानों में सज धजकर आए बच्चों ने भी हर किसी का मन मोह लिया। भारतीय संस्कृति से जुड़े नाटक का मंचन भी किया गया। समापन पर अतिथियों ने बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मंहत रामेश्वर दास, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कविता शाह, माधुरी गुप्ता, गुरु प्रसाद उनियाल, कार्यक्रम संयोजक रमेश अरोड़ा, संचालक प्रमोद चौधरी आदि भी मौजूद थे।