Rishikesh: डायवर्ट न किए जाएं चारधाम यात्रा के श्रद्धालुः पासवान

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मेयर शंभू पासवान ने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में आने वाले तीर्थयात्रियों को अनावश्यक रूप से डायवर्ट नहीं किया जाए।
आईएसबीटी स्थित निगम कार्यालय में सोमवार को महापौर शंभू पासवान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पासवान ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन यात्रियों की होटल बुकिंग शहर में है या जो सीधे नगर क्षेत्र में आना चाहते हैं, उन्हें अनावश्यक रूप से डायवर्ट न किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को असुविधा होती है और शहर की छवि भी प्रभावित होती है।
बैठक में शहर के मुख्य मार्गों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध अतिक्रमण, बिना अनुमति संचालित रेड़ी-ठेलियों और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए पॉलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने और निर्माण व सीएनडी कचरे के निस्तारण पर जोर दिया गया।
वहीं, सुचारू यातायात व्यवस्था के आड़े आ रहे विज्ञापन बोर्ड और होर्डिंग्स हटाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस, एआरटीओ, मंडी समिति, व्यापार मंडल और परिवहन यूनियनों के प्रतिनिधियों ने समन्वय के साथ कार्य करने पर सहमति जताई।
बैठक में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, एआरटीओ रश्मि पंत, मंडी समिति से देवेंद्र कुमार, जयप्रकाश नारायण, व्यापार मंडल प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह गुनसोला, अन्नत राम भट्ट, टैक्सी-ऑटो यूनियन पदाधिकारी अमर सिंह रावत, हेमन्त डंग, विजेन्द्र कंडारी आदि मौजूद रहे।



