
ऋषिकेश। शिवपुरी क्षेत्र स्थित युसूफ बीच पर गंगा नदी में डूबे तमिलनाडु के युवक का शव पांच दिन बाद एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया है।
घटना 6 अप्रैल की है, जब स्नान के दौरान युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया था। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने तत्काल मौके पर सर्च व रेस्क्यू अभियान शुरू किया था। लेकिन प्रारंभिक प्रयासों में सफलता नहीं मिल सकी।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि टीम ने लगातार पांच दिनों तक गंगा के विभिन्न संभावित स्थानों पर सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूबा डाइविंग, राफ्टिंग और आधुनिक उपकरणों की मदद ली गई।
उन्होंने बताया कि शनिवार को फूलचट्टी के पास युवक का शव बरामद हुआ। मौके पर मौजूद परिजनों ने उसकी पहचान विजय रवि (28), निवासी थिरुमुदिवक्कम, जिला कांचीपुरम (तमिलनाडु) के रूप में की।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन ने गंगा में स्नान के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है।



