Breaking News: गंगा में दो दिन के लिए राफ्टिंग पर रोक
![](https://shikharhimalaya.com/wp-content/uploads/2023/06/rafting-in-ganga.jpg)
ऋषिकेश। मानसून के दस्तक देते उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर नरेंद्रनगर परगना प्रशासन ने राफ्टिंग गतिविधियों पर दो दिन के लिए रोक लगा दी है। मंगलवार को जलस्तर की समीक्षा के बाद अगला निर्णय लिया जाएगा।
राज्य में दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। जिसका असर रविवार को गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी के रूप में देखा गया। इस दौरान गंगा के बढ़े हुए प्रवाह में पेड़ और बड़ी-बड़ी लकड़ियां बहकर आती हुई देखी गई। वहीं बताया जा रहा है कि ब्रह्मपुरी में गंगा का जलस्तर ग्रीन लेवल को पार कर गया है।
ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से नरेंद्रनगर एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने कौडियाला से मुनिकीरेती के बीच गंगा में राफ्टिंग के संचालन पर दो दिनों के लिए रोक लगा दी है। बताया गया कि दो दिन बाद गंगा के जलस्तर को फिर से जांचा जाएगा। इसके बाद ही राफ्टिंग के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा। माना यह भी जा रहा है कि गंगा के जलस्तर में कमी नहीं आई तो प्रतिबंध आगे भी बढ़ाया जा सकता है।