
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक विधाओं के संरक्षण और विकास के लिए प्रीतम भरतवाण जागर ढोलसागर इंटरनेशनल अकादमी को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। कहा कि संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए साझा प्रयासों की जरूरत है।
नालापानी चौक के समीप लोकगायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण द्वारा स्थापित अकादमी का सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। कहा कि लोकसंस्कृति हमारी पहचान है, हमें अपनी जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। हमारी संस्कृति सुरक्षित रहेगी तो हम भी सुरक्षित रहेंगे। इसबीच उन्होंने पद्मश्री प्रीतम भरतवाण के प्रयासों की सराहना भी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने लोक कलाकारों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, प्रीतम भरतवाण, डॉ. केपी जोशी, शेरदास विद्वान, संजय कुमोला, गजेंद्र नौटियाल, प्रेम सिंह पयाल आदि मौजूद रहे।