कैंचीधाम बाईपास पर 15 जून तक यातायात करें शुरूः महाराज
कैबिनेट मंत्री ने 12.58 करोड़ की 05 योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

भीमताल (नैनीताल)। लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने 12.58 करोड़ रुपये लागत की 05 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जिनमें 9.46 करोड़ रुपये की 04 योजनाओं का शिलान्यास और 3.12 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। 
विकास भवन में कार्यक्रम में मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की कार्यवाही की जा रही है। सभी जनपदों में नए पंचायत भवनों का निर्माण और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। बताया कि अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क सुविधा से जोड़कर मुख्यधारा में लाया गया है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के तहत पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 1118 लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है।
उधर, विकास भवन सभागार में जनसंवाद और विभागीय समीक्षा के दौरान महाराज ने निर्देश दिए कि कैंचीधाम बाईपास का निर्माण 15 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी वैलीब्रिज लगाकर मार्ग को चालू करने के निर्देश भी दिए गए। सड़कों के चौड़ीकरण, गुणवत्ता युक्त निर्माण और भारी वाहनों के अनुरूप डिजाइन पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग को क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और भू-कटाव रोकने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। पंचायतीराज विभाग को कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता पर सख्ती से कार्यवाही करने को कहा गया।
बैठक में विधायक सरिता आर्या, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्य विकावस अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी आदि मौजूद रहे।



