पीएम नरेन्द्र मोदी के दून दौरे की तैयारियां तेज
मुख्य सचिव और डीजीपी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाकचौबंद रखी जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एक ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।
मीडिया से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे दिल्ली-एनसीआर से देहरादून पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और चारधाम यात्रा की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। साथ ही, इससे प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मौके पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, नगर आयुक्त नमामि बंसल आदि अधिकारी मौजूद रहे।



