यात्रा-पर्यटन

चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग की तैयारियां तेज

आवास सचिव ने गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में किया निरीक्षण

गोपेश्वर। चारधाम यात्रा मार्ग पर बेहतर यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को जनपद चमोली के गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में निर्माणाधीन और प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, साथ ही परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गौचर में 27 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसका निर्माण उत्तराखंड पेयजल और निर्माण निगम द्वारा कराया गया है। आवास सचिव ने इसे जल्द से जल्द संचालित करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को सुविधा मिल सके।

कर्णप्रयाग में निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने को कहा। यह पार्किंग जिलास्तरीय विकास प्राधिकरण चमोली द्वारा बनाई जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी नंदा राजजात यात्रा से पहले इसका निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए।

चमोली में टैक्सी स्टैंड के पास 21 वाहनों और खड्ड साइड पर 82 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का भी निरीक्षण किया गया। इनका निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग करा रहा है। सचिव ने चारधाम यात्रा से पहले दोनों परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर जाम वाले स्थानों की पहचान कर वहां नई पार्किंग विकसित करने को भी कहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!