पौड़ी गढ़वालयात्रा-पर्यटन

नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल की तैयारियां तेज

• 26 से 28 फरवरी तक बिलखेत में होंगे रोमांचक खेल

• डीएम स्वाति एस भदौरिया ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

सतपुली (पौड़ी)। बिलखेत में 26 से 28 फरवरी तक प्रस्तावित नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि फेस्टिवल में माउंटेन बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, एंगलिंग, कयाकिंग, पैरामोटरिंग और हॉट एयर बैलून जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।

उन्होंने बताया कि आम जनता के लिए टेंडम फ्लाइंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। युवाओं और स्कूली बच्चों के लिए विशेष एडवेंचर जोन में बर्मा ब्रिज, जिपलाइन, कमांडो नेट और रिवर्स बंजी जंपिंग जैसी गतिविधियां होंगी। शाम को सांस्कृतिक संध्या में संकल्प खेतवाल और प्रीतम भरतवाण प्रस्तुति देंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यक्रम स्थल, कयाकिंग और पैराग्लाइडिंग स्थलों का जायजा लिया गया। डीएम ने मैदान समतलीकरण और साफ-सफाई के निर्देश दिए। लोनिवि को टेंट, मंच, एलईडी स्क्रीन व साउंड सिस्टम की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने को कहा गया। विद्युत, पेयजल और स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने पर्यटन विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे बिलखेत क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

मौके पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, एसडीएम रेखा आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!