सियासत

Politics: कांग्रेस ने जनमुद्दों पर भाजपा सरकारों को घेरा

प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर साधा जमकर निशाना

ऋषिकेश। कांग्रेस ने महंगाई, रसोई गैस की कीमत समेत नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ से पैदा हालातों को लेकर भाजपा सरकारों को घेरा। उन्होंने एलपीजी के दामों में अचानक 200 रुपये की कमी के फैसले को राजनीतिक स्टंट बताया। कहा कि भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनावों में अपनी हार का आभास हो गया है।

सोमवार प्रेस क्लब सभागार में मीडिया से मुखातिब कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह और अन्य कांग्रेसजनों ने केंद्र में भाजपा के नौ साल के शासन समेत ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के हालातों पर जमकर निशाना साधा। कहा कि भाजपा नौ सालों में जनता पर महंगाई का बोझ लादे रही और अब लोकसभा चुनाव में हार के डर से एलपीजी के दाम कर भ्रमित करना चाहती है। आज पेट्रोल, डीजल, खाद्य सामग्री, सीमेंट, सरिया से लेकर हर आवश्यक वस्तु महंगी हो चुकी है।

स्थानीय मसलों पर कहा कि हाल के वर्षाकाल में नगर निगम से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव के चलते लोगों को परेशान रहे। बावजूद इसके सरकार ने अब तक प्रभावितों को पर्याप्त आर्थिक सहायता मुहैया नहीं कराई। वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों और फेल ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने में भी सरकार नाकाम रही है। अब ऐसे इलाकों में डेंगू पांव पसार रहा है। जिसकी रोकथाम के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शहर के बीच कूड़े के पहाड़ का भी अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। जिसके कारण पवित्र गंगा प्रदूषित हो रही है और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। निराश्रित पशुओं और बंदरों की समस्या भी जस की तस बनी हुई है। आरोप लगाया कि सरकार शराब की दुकानों और बार के लाइसेंस देकर तीर्थनगरी की छवि को खराब कर रही है।

मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीलम तिवारी, श्यामपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल रावत, मदनमोहन शर्मा, पार्षद शकुंतला शर्मा, जगत सिंह नेगी, पुष्पा मिश्रा, मधु मिश्रा, विनय सारस्वत, शैलेंद बिष्ट, ललित मोहन मिश्र, अरविन्द जैन, चंदन सिंह पंवार, गौरव राणा, राजेंद्र कोठारी, हरि सिंह नेगी, कमलेश शर्मा, अशोक शर्मा, परमेश्वर राजभर, कमल बनर्जी आदित्य आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button