
देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य पर बाजपुर में हमले के विरोध में नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास कूच किया। हाथीबड़कला में पुलिस ने बेरिकेड पर उन्हें रोका, जिसके बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए।
हाथीबड़कला में पुलिस द्वारा कांग्रेस का सीएम आवास कूच रोकने के बाद धरने पर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस नेताओ को निशाना बनाया जा रहा है। बाजपुर में यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य पर हमला इसकी तस्दीक करता है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि आर्य पर हमले के मामले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुलविंदर सिंह किंदा आरोपी है। कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की हत्या को किसी सूरत में कबूल नहीं करेगी। कूच में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सूर्यकांत धस्माना, हिमांशु बिजल्वाण, ऋषिकेश महानगर के कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय आदि भी शामिल थे।