पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे से आएगी विकास में तेजीः महाराज

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे से राज्य को व्यापक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलेंगे। बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के लोकार्पण से राजधानी दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र ढाई घंटे में तय की जा सकेगी, जिससे यात्रा सुगम होने के साथ पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में भी तेजी आएगी।
महाराज ने कहा कि पीएम मोदी का यह दौरा राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित होगा। टिहरी पंप स्टोरेज परियोजना से ऊर्जा सुरक्षा, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी और बनबसा लैंड पोर्ट से भारत-नेपाल व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। इन परियोजनाओं से “विकसित उत्तराखंड 2035” का लक्ष्य साकार होगा।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के चलते चारधाम, मसूरी और ऋषिकेश जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इससे होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार में नए अवसर बनेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश बढ़ेगा और पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन पर भी रोक लगेगी।
महाराज के अनुसार, यह दौरा “विकसित उत्तराखंड के दशक” की शुरुआत है, जो आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था और जीवन स्तर को नई ऊंचाई देगा।



