सियासत

PM मोदी के 9 साल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण को रहे समर्पित: धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। समाज के हर वर्ग के लिए उनके नेतृत्व में योजनाएं चलाई जा रही हैं। वैश्विक पटल पर भी भारत की अलग पहचान बनी है। विदेश यात्राओं के दौरान उनका सम्मान हर एक भारतीय का सम्मान है। आज पूरी दुनिया भारत को नई आशाओं के रूप में देख रही है।

सोमवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में सीएम धामी ने केंद्र सरकार के नौ साल के कार्यकाल को लेकर मीडिया से संवाद किया। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में पिछले 09 सालों में उत्तराखंड के हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। भारत माला परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल कनेक्टिविटी, शिक्षा, चिकित्सा, इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, केदारनाथ पुनर्निर्माण और बदरीनाथ में मास्टर प्लान का काम शामिल है।

मीडिया संवाद में केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने गरीबों की सेवा, वंचितों का सम्मान, नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, तकनीकि के विकास, पर्यावरण संरक्षण और अन्य अनेक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किए हैं। कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, 11.88 करोड़ लोगों को नल से जल, 11.72 करोड़ शौचालयों का निर्माण के साथ ही राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया।

देश में 48.27 करोड़ जन-धन खाते खोले गए, पीएम आवास में 03 करोड़ से अधिक आवास दिए गए। 37 करोड़ आयुष्मान कार्ड बने। 11 करोड़ किसानों को 6000 रूपये सालाना दिए जा रहे हैं। सभी को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कोविड काल में भारत ने दो स्वदेशी वैक्सीन बनाई। सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी का देश में तेजी से विस्तार हुआ। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक विनोद चमोली, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, अश्विनी त्यागी आदि मौजूद थे।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!