
पौड़ी। विकासखंड पोखड़ा के देवराड़ी तल्ली गांव में बुधवार को गुलदार के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। गुलदार के हमले में घायल कंचन देवी बुरी तरह जख्मी हो गईं। महिला की गंभीर स्थिति देखते हुए तत्काल एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स भेजा गया।
जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय कंचन देवी घास लेने गई थी। अचानक गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे महिला बुरी तरह से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखड़ा पहुंचाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने तुरंत एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के लिए शासन से अनुमति मांगी। जिसके बाद कंचन देवी को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया। जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और वन विभाग के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन किया। घटना के बाद देवराड़ी तल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले न जाने और समूह में ही जंगल संबंधी गतिविधियाँ करने की सलाह दी जा रही है।



