पौड़ी गढ़वाल

पौड़ीः मुख्य शिक्षाधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

डीएम ने जनता मिलन कार्यक्रम में सुनीं जनसमस्याएं, दिए निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 14 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने फरियादियों की अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। शेष प्रकरणों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन में डीएम ने पूर्व की शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों की रिपोर्ट आगामी सोमवार को तलब की है। कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी की गैरहाजिरी पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी के वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे कार्यक्रमों में अधिकारियों की अनिवार्य मौजूदगी को कहा।

बताया गया कि पौड़ी के वार्ड चार में क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग और वेस्ट पाइपलाइन की मरम्मत को लेकर अनिल बहुगुणा की शिकायत पर मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। यमकेश्वर क्षेत्र के मोगपुर निवासी रुपेश दत्त शर्मा की शिकायत पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश पूरी कर ली है।

इसके अलावा ग्राम प्रधान भेंटी जितेन्द्र रावत द्वारा सकसेतधार और साल्यूंधार क्षेत्र में प्रस्तावित मोटर मार्ग के समरेखण की शिकायत पर डीएम ने 19 मार्च को लोक निर्माण विभाग को शिकायतकर्ता की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए।

मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार, जिला परीवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि रीना नेगी आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!