भारत के सांस्कृतिक पुनरोत्थान को समर्पित रहा है पं. श्रीराम शर्मा का जीवनः धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देवसस्कृति विवि के कार्यक्रमों में किया प्रतिभाग

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को गायत्रीकुंज में देव संस्कृति विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित ‘वसुधैव कुटुंबकम’ व्याख्यान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा के द्वारा रोपित बीज आज वटवृक्ष का आकार ले चुका है और विश्व के असंख्य लोगों को ज्ञान और संस्कार की छाया दे रहा है। इतिहास में विरले ही ऐसे लोग हुए हैं जिन्होंने अपने विचारों से करोड़ों लोगों के जीवन को बदलने का कार्य किया। कहा कि उनका समूचा जीवन भारत के सांस्कृतिक पुनरोत्थान को समर्पित रहा। ‘हम बदलेंगे-युग बदलेगा’ का मंत्र देकर उन्होंने समाज में जो जनजागृति का कार्य किया, इसके लिए आने वाली पीढ़ियां उनकी ऋणी रहेंगी।
सीएम धामी ने कहा कि माता गायत्री व यज्ञ को घर-घर में स्थापित करने और सनातन संस्कृति को पुनः परिभाषित करने से लेकर साधना, शिक्षा, स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण, जनशक्ति का संरक्षण और युवाओं को संगठित करने का कार्य आज आचार्य श्रीराम शर्मा के सिद्धांतों पर चल कर किया जा रहा है। कहा कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय नैतिक मूल्यों पर आधारित रोजगारपरक शिक्षा देने का अनुपम कार्य कर रहा है। भविष्य में भी ये संस्थान युवाओं का इसी प्रकार मार्गदर्शन करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जी-20 की अध्यक्षता भारत के लिए एक जिम्मेदारी है, जो विश्व के भारत पर भरोसे का एक पैमाना है। जब हम अपनी प्रगति के लिए प्रयास करते हैं, तो हम वैश्विक प्रगति की भी परिकल्पना करते हैं। जी-20 की थीम भी ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ है, जो मूलरूप से भारतीय संस्कृति द्वारा विश्व को दिए गए सिद्धांत ‘वसुधैव कुटुंबकम’ पर आधारित है। कहा कि ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के मंत्र के जरिए विश्व बंधुत्व की भावना को हम सदियों से जीते आए हैं। जी-20 की थीम भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतिनिधित्व करती है।
इस अवसर पर जेपी नड्डा ने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की सोच पर चलने वाला यह संस्थान आध्यात्मिक विकास, संस्कृति के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। योग, आयुर्वेद, तकनीकी, शोध, विज्ञान के समन्वय से देव संस्कृति विश्वविद्यालय निरन्तर तरक्की कर रहा है। यह शोध मानवता के लिए अति आवश्यक है। कहा कि शिक्षा की शुरुआत संस्कार सीखने से होती है। शिक्षा से सभ्य जीवन में सार्थक रास्ता ढूंढने का लक्ष्य प्राप्त होता है।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि आज भारत में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। आयुर्वेद चिकित्सा पर भी कार्य किया जा रहा है। आत्मनिर्भर गांव से ही आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना पूर्ण हो सकती है। इससे लिए पूरे विश्व को एक साथ काम करना होगा। कहा कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, पर्यावरण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसे विषयों पर कार्य किया जा रहा है। कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का विकास और विरासत को संवारने का कार्य किया जा रहा है। भारत ने जी-20 के माध्यम से दुनिया के सामने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का नारा सिद्ध किया।
कार्यक्रम में कुलाधिपति डॉ. प्रणव पंड्या, प्रतिकुलपति चिन्मय पंड्या, भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सांसद रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा आदि मौजूद रहे।
अतिथियों ने इन कार्यक्रमों में भी किया प्रतिभाग
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कई पुस्तकों का विमोचन किया। जिसमें पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखी ‘समस्याएं आज की, समाधान कल के’ एवं ‘मैं क्या हूं’ का वियतनामी भाषा प्रकाशन, आयुर्वेद पर आधारित शोध पत्र एवं सेंट्रल फॉर यज्ञ रिसर्च पर आधारित पुस्तकें शामिल थी। वहीं उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना की और शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पण के बाद परिसर में पौधारोपण भी किया।