New Chief Minister of Haryana : हरियाणा की राजनीति में आज बड़ा बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मंत्रिमंडल के इस्तीफे के बाद शाम तक नए मुख्यमंत्री के रुप में नायब सिंह सैनी ने पांच कैबिनेट मंत्रियों के साथ चंडीगढ़ में शपथ ग्रहण की। ओबीसी समाज के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र से सांसद हैं।
चंडीगढ़ में हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ छछरौली के विधायक कंवरपाल गुज्जर, बल्लभगढ़ के मूलचंद शर्मा, रानियां रणजीत सिंह, बावल के डॉ. बनवारी लाल और लोहारू विधानसभा के विधायक जेपी दलाल ने बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ली है।
सीएम मनोहर लाल खट्टर के मंगलवार को अचानक इस्तीफे से हरियाणा की राजनीति में भूचाल आ गया था। दोपहर तक तरह-तरह की चर्चाएं खबरों की सुर्खियां बनी रही। इसबीच विधायक दल की बैठक में सांसद नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री चुने जाने पर सारा मामला शांत हो गया। शाम को उन्होंने पांच मंत्रियों के साथ शपथ भी ले ली।
खबरों के अनुसार इस सियासी घटनाक्रम के पीछे लोकसभा चुनाव को लेकर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के साथ सीट शेयरिंग को लेकर मतभेद को माना जा रहा है। जेजेपी के समर्थन से ही खट्टर बनी थी। बताया जा रहा है कि यह गठबंधन खट्टर सरकार के त्यागपत्र के साथ ही टूट चुका है।
बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की निर्दलीय विधायकों के साथ भी बैठक हुई है। निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी को समर्थन देने की बात कही है। यह भी चर्चा है कि जेजेपी के कुछ विधायक भी बीजेपी के साथ हो सकते हैं।