मुनिकीरेती में राष्ट्रीय सरस आजीविका मेला-2023 का आगाज
•कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और सुबोध उनियाल ने किया शुभारंभ

• देशभर के 116 स्वयं सहायता समहों के लगे हैं स्टॉल
मुनिकीरेती/ऋषिकेश। पूर्णानंद खेल मैदान में दस दिवसीय राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले का आगाज हो गया। मेले में देशभर के 116 स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगे हैं। जिनमें स्थानीय उत्पादों की भरमार है। अतिथियों ने स्थानीय लोगों से प्रदेश के उत्पादों की खरीद कर उन्हें बढ़ावा देने की अपील की है।
मंगलवार को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और सुबोध उनियाल ने पूर्णानंद खेल मैदान में राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘वोकल फॉर लोकल’ का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा था कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु अपने खर्चे का 5 प्रतिशत स्थानीय उत्पादों पर भी लगाएं। कहा कि मेले में देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपने उत्पादों का विक्रय किया जा रहा है, लोग कुछ न कुछ खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित करें। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इसको आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूहों को विकसित कर स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर रही है। इनका प्रचार-प्रसार जरूरी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग लाभ उठा सकें। साथ ही स्थानीय उत्पादकों को लाभ मिल सके। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार स्वयं सहायता समूहों को सब्सिडी देकर लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। कहा कि सरकार का उद्देश्य आजीविका को बढ़ाना है, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि सरस मेले में 19 राज्यों के 116 स्वयं सहायता समूह के लगभग 313 सदस्य प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें उत्तराखंड से 81 स्वयं सहायता समूह के 243 सदस्य जबकि अन्य 18 राज्यों के 35 स्वयं सहायता समूह के लगभग 70 सदस्य तथा जनपद टिहरी के 18 स्वयं सहायता समूह के लगभग 53 सदस्य शामिल हैं।
इसबीच अतिथियों ने मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, विधायक प्रतापनगर विक्रम सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर राजेंद्र भंडारी, प्रतापनगर प्रदीप रमोला, पालिकाध्यक्ष मुनिकी रेती रोशन रतूड़ी, अध्यक्ष नगर पंचायत गजा मीना खाती, सीडीओ मनीष कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेश नौटियाल, अध्यक्ष मंडी परिषद विनोद कुकरेती, एडीएम केके मिश्र, डीडीओ सुनील कुमार आदि मौजूद थे।