नैनीताल

नैनीतालः परियोजनाओं की बाधाओं का करें तत्काल समाधान

मुख्य सचिव ने परियोजनओं और विकास कार्यों की समीक्षा की, दिए निर्देश

नैनीताल। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने डॉ. आरएस टोलिया प्रशासनिक अकादमी में विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में यदि कोई प्रशासनिक, तकनीकी या प्रक्रियागत बाधा आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए। मामला शासन स्तर का हो, तो उसे तुरंत संज्ञान में लाया जाए।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को मासिक लक्ष्य तय कर उसके अनुसार कार्य करने को कहा। उन्होंने लंबित टेंडर, स्वीकृतियों और तकनीकी अनुमोदनों को शीघ्र पूरा करने और जिलास्तर पर परियोजनाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की जल समस्या न हो। सिंचाई विभाग की समीक्षा में उन्होंने ₹3678.23 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन जमरानी बांध परियोजना की प्रगति जानी और इसे जून 2029 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

टनल निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना के निर्माण स्थलों का भ्रमण कर अनुभव लेने की सलाह दी गई। इसके अलावा कुमाऊं विश्वविद्यालय, मानसिक चिकित्सालय गेठिया और मेडिकल कॉलेज में स्टेट कैंसर संस्थान के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, डीएफओ आकाश गंगवार, एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा, मनोज कत्याल, एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, लोनिवि अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू, पेयजल निर्माण निगम के अधीक्षण अभियंता अनूप पाण्डे आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!