देश

सीएम धामी ने रामपुर तिराहा पर शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

बोले- राज्य आंदोलनकारियों की समान पेंशन पर बनाई जा रही है कार्ययोजना

मुजफ्फरनगर/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को शहीद स्थल रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पर बलिदानी राज्य आन्दोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा, यह दुभार्ग्यपूर्ण घटना थी, दो अक्टूबर को माता बहनों के साथ क्रूर बर्ताव किया गया, कई आंदोलनकारियों की शहादत हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघंर्षों से मिले अलग उत्तराखंड राज्य में उनकी आशाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी नौकरियों में दस प्रतिशत आरक्षण, पेंशन बढ़ाने के साथ राज्य आंदोलकारियों की मृत्यु के पश्चात उनके आश्रितों को भी पेंशन देने का निर्णय लिया है। सरकार एक समान पेंशन देने के लिए कार्ययोजना तैयार कर रही है। उद्योगों में नौकरी के लिए समुचित व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। सरकार की नीतियों के केंद्र में राज्य का सर्वांगीण विकास है। सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मागदर्शन में उत्कृष्ट उत्तराखंड बनाने के लिए वचनबद्ध है। वाइब्रेंट विलेज के तहत सीमांत क्षेत्र में बसे गांवों को प्रथम पंक्ति में लाने का कार्य किया जा रहा है।

केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों के बलिदान से हमें राज्य मिला। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल में उत्तराखंड अलग राज्य बना। कहा आज केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि युवा साथियों और मातृशक्ति ने इस आंदोलन का नेतृत्व किया। शहीदों के सपनों के अनुसार आज राज्य में विकास की नींव रखी जा रही है। मुजफ्फरनगर के स्थानीय लोगों ने भी आंदोलनकारियों का साथ दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव कुमार बालियान, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार (उत्तर प्रदेश सरकार) कपिल देव अग्रवाल, विधायक प्रदीप बत्रा, उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड संस्कृत साहित्य एवं कला परिषद् मधु भट्ट, गोसेवा आयोग अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा रूड़की शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर सुधीर सैनी, सचिव संस्कृति हरिचंद्र सेमवाल, जिलाधिकारी हरिद्वार धीराज सिंह गर्ब्याल, निदेशक संस्कृति बीना भट्ट आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button