टेंडर पूरी तरह पारदर्शी, आरोप निराधारः नीलम बिजल्वाण
पालिकाध्यक्ष ने आरोपों का किया खंडन, कानूनी कार्यवाही की दी चेतावनी

ऋषिकेश। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम निजल्वाण ने टेंडर प्रक्रिया को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से निराधार और राजनीतिक षडयंत्र बताया। कहा कि कुछ लोग उनकी छवि धूमिल करने करना चाहते हैं।
शुक्रवार को मुनिकीरेती स्थित पालिका सभागार में अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। कहा कि तीन फरवरी को कुछ व्यक्तियों द्वारा किया गया प्रदर्शन और आरोप तथ्यहीन हैं। स्पष्ट किया कि हाल ही में हुए दो टेंडरों कूड़ा घर में सुरक्षा दीवार व आरसीसी निर्माण कार्य और शीशमझाड़ी में सामुदायिक भवन निर्माण में नियमावली का पूरी तरह से अनुपालन किया गया है। दोनों में एक से अधिक निविदादाता तकनीकी रूप से सफल पाए गए, जिसके बाद नियमानुसार वित्तीय बिड खोली गई।
उन्होंने बताया कि कूड़ा घर निर्माण कार्य 19 प्रतिशत कम दर पर स्वीकृत हुआ, जिसके अंतर्गत 15.48 लाख रुपये की परफॉर्मेंस धनराशि जमा कराई जा रही है। वहीं शीशमझाड़ी सामुदायिक भवन का टेंडर 18.02 प्रतिशत कम दर पर प्राप्त हुआ, जिसके लिए 6.39 लाख रुपये की परफॉर्मेंस राशि ली जा रही है। ऐसे में टेंडर फिक्स होने के आरोप पूरी तरह गलत हैं।
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पूर्व में कई ई-निविदाएं नियमों के तहत निरस्त की गई हैं, जिसका अधिकार निविदा समिति को है। कुम्भ मेला पार्किंग टेंडर का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि पुनः निविदा आमंत्रित करने से निकाय को बड़ा राजस्व लाभ हुआ और राज्य वित्त आयोग से मिलने वाले अनुदान में 50 लाख रुपये की वृद्धि हुई।
उन्होंने 11 लाख रुपये की कथित घूस के आरोप पर कहा कि यदि आरोप सिद्ध नहीं किए गए तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।



