मुनिकीरेतीः पालिका ने लगाया थैला मेला, बांटे कपड़े के थैले

ऋषिकेश। नगरपालिका मुनिकीरेती ढालवाला की ओर से जीरो वेस्ट कार्यक्रम के तहत थैला मेला आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ रेहड़ी विक्रेताओं से वेस्ट कपड़े मंगवाकर उन्हें कपड़े के थैले वितरित किए गए। क्षेत्रवासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील भी की गई।
मंगलवार का पालिका सभागार में आयोजित थैला मेला में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने क्षेत्रवासियों से पॉलिथीन का प्रयोग न करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की जानकारी दी और आम लोगों से फीडबैक में प्रतिभाग करने को कहा।
इस अवसर पर निकाय की टीम ने लोगों को गंगा नदी के संरक्षण को जागरूक किया और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने निकाय के आरआरआर सेंटर में पुराने वेस्ट कपड़े दिए। जिन्हें कपड़े के थैले बांटे गए।
मौके पर अवर अभियंता नरेश कुमार, कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, प्रधान सहायक दिनेश कृषाली, बेताल सिंह, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, आरआरआर सेंटर संचालिका व नारयणी स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष रीना उनियाल, लिपिक संजय भंडारी, आकाश, जानकी झूला रेहड़ी यूनियन अध्यक्ष धर्मेंद्र, सचिव जितेंद्र यादव, रामझूला रेहड़ी यूनियन अध्यक्ष भगवानदास, सदस्य स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 प्रज्जवल शर्मा, मनीष भट्ट, अंकित जगूड़ी, सुनील सिंह, वैशाली रावत आदि मौजूद थे।