Munikireti: बुलेट बाइक चोरी के आरोप में एक महिला गिरफ्तार

Crime News : ऋषिकेश। मुनिकीरेती पुलिस ने एक आश्रम से गायब बुलेट मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा किया है। चोरी के आरोप में पुलिस ने गोवा की रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक खदरी निवासी ब्रह्मानंद भट्ट ने तहरीर में बताया 18 जून को उन्होंने मुनिकीरेती स्थित आनंद धाम के पास अपनी बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी की थी। जब वह वापस लौटे तो उस स्थान से बुलेट गायब मिली। कई जगह तलाशने के बाद भी कुछ पता नहीं चला।
बताया कि ब्रह्मानंद भट्ट की शिकायत पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की। बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक महिला बुलेट चोरी करती दिखाई दी। जिसके बाद थाना निरीक्षक रितेश साह ने टीम गठित कर महिला की तलाश शुरू की। एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट के नेतृत्व में पुलिस ने महिला को बाईपास मार्ग पर बुलेट के साथ गिरफ्तार किया।
निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि महिला का नाम कैंडी है, वह गोवा की रहने वाली है। आरोपी महिला के अपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। बाइक चोरी के आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।