मुनिकीरेतीः पालिका ने किया तहबाजारी ठेका समाप्त
वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश, पार्किंग शुल्क में 15% की वृद्धि

ऋषिकेश। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में तहबाजारी ठेका प्रथा को समाप्त करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि ठेका प्रथा के कारण नगर क्षेत्र में रेहड़ी-फड़ अतिक्रमण बढ़ रहा है, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। साथ ही बिना सत्यापन के असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ रही है। अब पालिका स्वयं तहबाजारी वसूली करेगी।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें 36,50,14,915 रुपये की अनुमानित आय और 33,36,28,000 रुपये का व्यय प्रस्तावित है। साथ ही सभी पार्किंग स्थलों पर 15 प्रतिशत शुल्क वृद्धि कर नए सिरे से टेंडर जारी करने का निर्णय लिया गया।
डॉग शुल्क लागू करने की तैयारी
नगर क्षेत्र में आवारा व पालतू कुत्तों की समस्या को देखते हुए पालतू श्वानों पर शुल्क लगाने का निर्णय लिया गया। प्रतिबंधित नस्लों पर पूर्ण रोक रहेगी और इसके लिए शीघ्र उपविधियां (बायलॉज) तैयार की जाएंगी।
दुकानों की नीलामी से बढ़ेगा राजस्व
खारास्रोत पार्किंग के समीप स्थित चार दुकानों की नीलामी कर राजस्व बढ़ाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सभासदों ने रखे विकास प्रस्ताव
बैठक में विभिन्न वार्डों के सभासदों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इनमें सीवर लाइन निर्माण, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट सुधार, शौचालय निर्माण, सीसीटीवी स्थापना, खेल मैदान विकास, चेकडैम निर्माण और लाइब्रेरी स्थापना जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों के सुधार, मलबा हटाने और सीमा विवाद निस्तारण की मांग भी उठाई गई।
यह रहे बैठक में मौजूद
अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, सभासद मीनू, विनोद खंडूडी, सचिन रस्तोगी, ब्रिजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी, निशा नेगी, प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कृषाली, लेखाकार प्रद्युमन कृषाली, कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, लेखालिपिक सूरज पुंडीर, विवेक भंडारी, लिपिक कल्याण सिंह नेगी, प्रकाश अवस्थी, विकास सेमवाल, संजय भंडारी, अनुज, आकाश कैंतूरा, वर्क एजेंट संदीप बिष्ट, आशीष कुड़ियाल, केदार मिश्रवाण, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण आदि।



