Uncategorized

उत्तराखंड में बनेंगे ओबीसी आयोग के बहुउद्देशीय भवन

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में की आयोग के कार्यों की समीक्षा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दोनों मंडलों में बहुउद्देशीय भवन व सामुदायिक भवन का निर्माण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित भवनों में विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक व प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन के लिए बैंक्वट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं। बहुउद्देशीय भवन की डीपीआर जल्द तैयार की जाए।

उन्होंने कहा कि ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निगरानी की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार किए जाएं, जिससे योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार व सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

बैठक में उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव नवनीत पांडे, अपर सचिव संदीप तिवारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!