एक भारत-श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार कर रहा उत्तराखंड
मंत्री सतपाल महाराज गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में हुए शामिल

देहरादून। सूबे के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” के सपने को साकार करने की दिशा में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।
महाराज ने यह बात गुजरात के केवड़िया में सरदार पटेल की 150वीं जयंती के पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम के दौरान कही। इस आयोजन में उत्तराखंड ने अपनी समृद्ध संस्कृति, पर्यटन संभावनाओं और 25 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने चहुंमुखी विकास किया है।
उन्होंने बताया कि एक से 15 नवम्बर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड मंडप विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंडप में कुमाऊं-गढ़वाल की संस्कृति, परिधान, हस्तशिल्प, रिंगाल कला, हैंप उत्पाद, जड़ी-बूटियाँ और हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
यह भी बताया कि आईएचएम देहरादून, जीएमवीएन, केएमवीएन, संस्कृति व उद्योग विभागों द्वारा उत्तराखंडी पारंपरिक व्यंजन जैसे भट्ट की चुड़कनी, झंगोरे की खीर, मंडुए की रोटी और गहत की दाल ने आगंतुकों का मन मोह लिया। राज्य के कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकगीतों और नृत्यों से वातावरण को रंगीन बना दिया।
कार्यक्रम से पूर्व महाराज ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित की और सरदार सरोवर बांध का अवलोकन किया। इस अवसर पर गुजरात के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई, पर्यावरण मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया आदि भी मौजूद रहे।



