शिखर हिमालय डेस्क
ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला में नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जोंक और स्वच्छ सुलभ फ़ाउंडेशन की ओर से आज़ादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत कबाड़ से बनी वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही लोगों को ऐसे सामान को घरों में उपयोग करने को जागरूक किया गया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ नगरपंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल और अधिशासी अधिकारी मंज़ू चौहान ने संयुक्त रूप से किया। कहा कि घरों में बेकार सामान को फेंकने की बजाए उनका उपयोग करने के प्रयास करने चाहिए। स्वच्छ सुलभ फाउंडेशन की टीम इस काम में लोगों को जागरूक कर रही है।
फ़ाउंडेशन की अध्यक्ष पार्वती नेगी ने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए घातक है। इसे फेंकने की बजाए उपयोग कर हम पर्यावरण को सुरक्षित रख सकते हैं। सेवानिवृत बैंककर्मी महेश चिटकारिया ने कहा कि पुराने टायरों का प्रबंधन सबसे कठिन होता है। बताया पुराने टायरों का इस्तेमाल गमले से लेकर सेंट्रल टेबल बनाने तक में किया जा सकता है। इसके अलावा प्लास्टिक, गत्ते और अन्य चीजों का दोबारा इस्तेमाल करने से हम पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं।
फाउंडेशन के निदेशक विजय शंकर राय ने बताया कि प्रदर्शनी में रखा गया सामान फाउंडेशन की महिला विंग ने महेश चिटकारिया के सहयोग से तैयार किया है। इसबीच लोगों को बेकार सामान के दोबारा उपयोग के तरीके भी बताए गए। बताया कि प्रदर्शनी में विदेशी मेहमानों ने भी प्रतिभाग किया।
प्रदर्शनी में सभासद जितेंद्र धाकड, सरोज देवी, प्रेमचंद अवस्थी, क्लर्क अनिल राणा, सफाई निरीक्षक अर्जुन भंडारी, मुरली शर्मा, मनमोहन सेमवाल, रिया शर्मा, प्रियंका मदवान, राकेश, समीर, सुशील आदि मौजूद थे।