प्रकृति से जुड़ने का माध्यम है बर्ड वॉचिंगः ऋतु खंडूड़ी
कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल संपन्न

कोटद्वार। सनेह क्षेत्र में दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल सफलता के साथ संपन्न हो गया। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण ने प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र व पुरस्कृत किया।
स्पीकर ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा कि बर्ड वॉचिंग और वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी मानसिक सुकून के साथ प्रकृति से जुड़ने का सशक्त माध्यम हैं। बच्चों को कम उम्र से ही इन गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि उनमें पर्यावरण संरक्षण की समझ विकसित हो। उन्होंने मानव-वन्यजीव संतुलन पर बल देते हुए सतत विकास को ही भविष्य का मार्ग बताया।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि फेस्टिवल के सकारात्मक माहौल को बनाए रखते हुए कोटद्वार को स्थायी बर्ड वॉचिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। यह फेस्टिवल कोटद्वार को प्रकृति पर्यटन के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े ने भी भविष्य में ऐसे आयोजनों को और विस्तार देने की बात कही।
स्टॉल निरीक्षण और जैव विविधता का संदेश
जिलाधिकारी ने फेस्टिवल में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों भारतीय वन्यजीव संस्थान, “हमारा पिरुल हमारी पहचान”, फाइन आर्ट गैलरी सहित अन्य का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार हस्तशिल्प व क्राफ्ट उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास आजीविका के साथ-साथ पारंपरिक कला के संरक्षण में सहायक हैं। भारतीय वन्यजीव संस्थान के स्टॉल पर पक्षियों की जानकारी लेते हुए तथा दूरबीन से पक्षी अवलोकन कर उन्होंने जैव विविधता संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक रंग जमे, बर्डर सम्मानित
समापन समारोह में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लालपानी की छात्राओं ने गढ़वाली भाषा में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ फोटो पत्रकार एवं बर्डर राजू पुशोला को सम्मानित किया गया। वहीं उनके द्वारा खींची गई पक्षियों की तस्वीरों से तैयार कैलेंडर का विमोचन किया गया। वरिष्ठ बर्डर अजय खंतवाल व राजीव बिष्ट सहित सभी बर्ड वॉचर्स को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण
समापन पर मैराथन, क्विज, पेंटिंग व निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मैराथन, क्विज, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।
यह रहे कार्यक्रम में मौजूद
पार्षद संजय भंडारी, एसडीएम चतर सिंह चौहान, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी समेत विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी, बर्ड वॉचर, स्कूल बच्चे व स्थानीय नागरिक।



