अवैध खनन मामले में पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीएम स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने खोह नदी में छापेमारी कर अवैध खनन कर रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। बुधवार सुबह नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के नेतृत्व में राजस्व टीम ने झूलापुल के पास खोह नदी में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नदी में अवैध रूप से खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। टीम ने मौके पर ही सभी वाहनों को सीज करते हुए उन्हें कब्जे में ले लिया। संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्यवाही की जा रही है।
एसडीएम ने कहा कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति अवैध खनन में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



