खटीमाः वनखंडी मंदिर को किया जाएगा विकसितः धामी
• मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि पर चकरपुर में की पूजा अर्चना

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर चकरपुर स्थित वनखंडी महादेव मंदिर में सपत्नीक जलाभिषेक और पूजा अर्चना कर प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर में 12 दिवसीय महाशिवरात्रि मेले का शुभारंभ भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कई वर्षो से महाशिवरात्रि पर वनखंडी महादेव मंदिर में आ रहे हैं। कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। इसका शुभारंभ ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से किया गया है। अब वर्ष भर धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं आ सकेंगे, जिससे प्रदेश व क्षेत्र की जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनखंडी मंदिर को सुन्दर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। मां पूर्णागिरि मंदिर में शीघ्र रोप-वे, एवं टनकपुर में शारदा रिवर फ्रंट बनाया जा रहा है। जिसमें खटीमा व उसके आसपास के क्षेत्रों को रिवर फ्रंट डीपीआर में जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हनोल क्षेत्र के विकास के लिए सरकार ने ₹120 करोड़ की धनराशि दी है। सरकार द्वारा पूरे प्रदेश का समेकित विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा खटीमा बस अड्डा शीघ्र तैयार होगा। टनकपुर बस अड्डा को ₹200 करोड़ की धनराशि से आई.एस.बी.टी बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर धार्मिक स्थलों का कायाकल्प हुआ है। जिससे पूरे देश में धार्मिक पुनर्जागरण हुआ है। उन्होंने कहा केदारनाथ में भीषण आपदा आने से श्रद्धालुओं का आना बहुत कम हो गया था। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण कर वहां पूजा अर्चना की एवं रात्रि प्रवास किया। अब केदारनाथ धाम में हर साल 20 लाख से भी अधिक श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने पिथौरागढ़ के आदि कैलाश, ज्योलिकांग की यात्रा की, जिससे मानसखंड को भी विश्व पटल पर नई पहचान मिली है। आदि कैलाश पर जाने वाले यात्री कुमाऊं सड़क मार्ग से ही जाते है। जिससे यहां के कारोबारियों को वर्ष भर रोजगार मिलेगा। मानसखंड योजना के अंतर्गत कुमाऊं के सभी मंदिरों को जोड़ा जा रहा है। जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मौके पर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मंदिर समिति अध्यक्ष गोपाल सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, गणेश जोशी, सुधीर वर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा आदि मौजूद रहे।