खटीमाः सीएसडी कैंटीन और मिलन केंद्र का लोकार्पण
सीएम ने पिता की पुण्यतिथि पर 140 वीर नारियों व सैनिकों को किया सम्मानित

खटीमा। खेतलसंडा स्थित सीएसडी कैंटीन में आयोजित गौरव सैनिक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 715.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीएसडी कैंटीन और 162.26 लाख रुपये की लागत से बने सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया।
गुरुवार को सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन द्वारा सूबेदार शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि पर समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने पिता स्व. सूबेदार शेर सिंह धामी और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने 60 वीर नारियों और 80 पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री भावुक नजर आए, कहा कि उनके पिता के विचार और संघर्षपूर्ण जीवन आज भी उन्हें प्रेरित करते हैं। बताया कि उनके पिता ने महार रेजिमेंट में 28 वर्षों तक सेवा देते हुए भारत-चीन युद्ध 1962, भारत-पाक युद्ध 1965 और भारत-पाक युद्ध 1971 सहित कई अभियानों में योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का रक्षा उत्पादन और निर्यात तेजी से बढ़ा है। राज्य सरकार भी सैनिकों और शहीदों के परिजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि की गई है। आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जा रही है। कहा कि परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों की राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये किया गया है। देहरादून में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा बलिदानियों के परिवारों को सरकारी नौकरी के लिए आवेदन अवधि 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष की गई है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भी सैनिकों के सम्मान को गौरव की बात बताते हुए सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, मुख्यमंत्री की माता विशना देवी, धर्मपत्नी गीता धामी आदि मौजूद रहे।



