केदारनाथः मुख्य सचिव ने किया पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर दर्शन के बाद परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव ने इस दौरान विभिन्न फेज़ों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता व कार्य निष्पादन की समीक्षा की। उन्होंने डीएम रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन से कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सौंदर्य और धार्मिक आस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।
बर्द्धन ने कहा कि 23 अक्टूबर को केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने जा रहे हैं, इसलिए कपाट बंद होने के बाद भी धाम में सुरक्षा, सामग्री संरक्षण और बर्फबारी की स्थिति में रखरखाव के उचित प्रबंध किए जाएं। यह भी कहा कि अगले यात्रा सत्र 2026 की तैयारियां अभी से प्रारंभ की जानी चाहिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल भौतिक निर्माण नहीं, बल्कि आस्था और सुविधा का संतुलित संगम सुनिश्चित करना है, ताकि श्रद्धालुओं को एक पवित्र, सुरक्षित और दिव्य अनुभव प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे, मुख्य कार्याधिकारी मंदिर समिति विजय थपलियाल, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला, अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण, ए.आर.टी.ओ. रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।



