टिहरी गढ़वाल

मास्टर प्लान से होगा कांगुड़ा मंदिर क्षेत्र का विकासः धामी

मुख्यमंत्री ने किया कांगुड़ा नागराज मंदिर पुनर्स्थापना जागरण समारोह में प्रतिभाग

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कांगुड़ा नागराज मंदिर पुनर्स्थापना जागरण समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर की परिक्रमा, पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, सीएम ने मंदिर परिसर में ‘एक पेड मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगुड़ा को पर्यटन व धार्मिक रूप में विकसित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई लगभग ₹2 करोड़ की डीपीआर को जल्द स्वीकृति दी जाएगी। क्षेत्र का विकास मास्टर प्लान बनाकर किया जाएगा। मंदिर परिसर में आधुनिक गेस्ट हाउस, 30 हजार लीटर का वाटर टैंक, पहुंच मार्ग में टीन शेड, हाई मास्क लाइट आदि अन्य कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के धार्मिक और सांस्कृतिक विकास को नई ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनहित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि योजना, जनधन योजना, लखपति दीदी जैसी योजनाएं अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2025 तक डेढ़ लाख बहनों को लखपति बनाने का लक्ष्य है। राज्य सरकार प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने हेतु विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। डबल इंजन की सरकार द्वारा धनोल्टी क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं में वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसबीच क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपे। सीएम ने उनका परीक्षण कर सकारात्मक कार्यवाही करने की बात कही। कहा कि छाम-बल्डोगी झूला पुल की मांग सहित कई प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। झूला पुल के लिए रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।

धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। राज्य आन्दोलनकारियों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता लाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लाया गया है।

मौके पर विधायक राजपुर खजान दास, मंदिर समिति अध्यक्ष दिलबर सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button