चिपको महोत्सव में रक्तदाताओं ने किया 72 यूनिट रक्तदान

ज्योतिर्मठ (जोशीमठ)। ऐतिहासिक चिपको आंदोलन की 52वीं वर्षगांठ पर महोत्सव के दूसरे दिन रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न लोगों ने 72 यूनिट ब्लड डोनेट किया।
रवि ग्राम स्थित खेल मैदान में आयोजित महोत्सव के दूसरे दिन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की यूथ रेड क्रॉस इकाई, जिला रेड क्रॉस इकाई चमोली, शाकंभरी पैथोलॉजी लैब और उत्तराखंड रक्तदान केंद्र देहरादून ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष और श्री अरविन्द सोसायटी के सचिव ओमप्रकाश डोभाल ने कहा कि चिपको आंदोलन के विचार और विरासत को समाज सेवा के लिए स्थायी प्रेरणा बनाने के लिए आवश्यक है कि इस विशेष दिन को अर्थवान कार्यक्रमों के माध्यम से जीवंत किया जा सके।
यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के समन्वयक डॉ. नंदन सिंह रावत ने कहा कि सामाजिक चेतना के विकास और मनुष्य व पर्यावरण के रिश्ते को जिस गहराई से गौरा देवी के नेतृत्व में चिपको आंदोलन ने परिभाषित किया, उसने पूरी दुनिया में नीती घाटी, चमोली जिले और उत्तराखंड को एक नया सम्मान दिया है। चिपको आंदोलन की वर्षगांठ को रक्तदान शिविर के रूप में मनाना प्रेरणा का विषय है।
मौके पर अखिलेश भुजवांन, पुष्कर सिंह राणा, सभासद परवेश डिमरी, हरेंद्र सिंह राणा, किशोर पँवार, कलम सिंह राणा आदि मौजूद रहे।



