चिन्यालीसौड़ और गौचर से जल्द शुरू होगी हेली सेवाः सीएम
‘जन-जन की सरकार’ शिविर में समस्याओं का मौके पर समाधान

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिन्यालीसौड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। 40 हजार से ज्यादा लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय न जाना पड़े, इसके लिए गांव-गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश में हेली सेवा के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से जल्द हेली सेवा शुरू की जाएगी। अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय हितधारकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बताया कि राज्य में दो लाख से अधिक ‘लखपति दीदी’ सशक्त की जा चुकी हैं और महिलाओं के उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयास जारी हैं।
सीएम धामी ने स्थानीय लोगों की मांग पर सीएचसी चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण को सीएम घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया। मौके पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दायित्वधारी रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, किशोर भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, ब्लाक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली, डीएम प्रशान्त आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।



