
देहरादून। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयुष्मान भवः अभियान के तहत प्रत्येक गांव में स्वास्थ्य चौपाल लगाई जाएगी। चौपाल में आयुष्मान कार्ड, डिजिटल हेल्थ आईडी बनाने के साथ स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं व सेवाओं की जानकारी के लिए आयुष्मान सभाएं आयोजित की जाएंगी।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षामंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह जानकारी दी। बताया कि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के दिशानिर्देश पर प्रदेश में 17 सितम्बर से 31 दिसम्बर तक आयुष्मान भवः अभियान चलाया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाडे़ का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के साथ स्वैच्छिक अंगदान व रक्तदान के लिए अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सेवा पखवाडे स्वैच्छिक रक्तदान के लिए एक लाख लोगों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें सभी सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। बताया कि आयुष्मान भवः अभियान के तहत प्रस्तावित स्वास्थ्य चौपाल में लोगों के आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड (डिजिटल हेल्थ आईडी) बनाए जाएंगी।
मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि अभियान के दौरान आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप जिला चिकित्सालयों में आयुष्मान मेलों का आयोजन कर आम लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 10 संचारी रोगों की निःशुल्क जांच की जाएगी। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों, पंचायतों, शहरी वार्डों और निक्षय मित्रों को राज्य व जिलास्तरीय कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाएगा। बताया कि अभियान की सफलता के लिए अधिकारियों को सम्पूर्ण कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।